भौंरी। रैपुरा थाना के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 35 से लगे तरकवहा पुरवा के पास सोमवार की रात को एक अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से तीन मवेशियों की मौत हो गई। जबकि दो मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मवेशियों का इलाज पशु विभाग के डॉक्टर कर रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना कि पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रीय राजमार्ग में कई मवेशी खडे़ रहते हैं।
आसपास के गांवों में बनी गोशालाओं में मवेशी नहीं बांधे जा रहे हैं। जिससे आए दिन सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो जाती है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. केपी सिंह यादव ने बताया कि घटना स्थल पर डा. कुलदीप सिंह गए थे। जहां पर तीन मवेशियों की मौत हुई है व दो मवेशी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि जिन मवेशियों की मौत हुई है वह किसी गोशाला के नहीं है। बिना टैग लगे हुए मवेशी हैं।