बांदा। नशे के आदी ट्रक ड्राइवर ने ससुराल में फंदे से लटक कर जान दे दी।
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिला अंतर्गत चंदला लौड़ी निवासी रमेश अनुरागी (30) 17 फरवरी को पत्नी अनीता और बच्चों के साथ ससुराल देहात कोतवाली क्षेत्र के लामा गांव आया था। यहां शुक्रवार रात शराब के नशे में उसने आंगन में बनी छानी में लकड़ी की बल्ली से फंदा लगा लिया। पत्नी व साले उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल लाए। यहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। साले मुकेश ने बताया कि घर में पांच पुत्रियां और एक पुत्र है। ट्रक ड्राइवरी से घर का खर्च चलता था। वह नशे में हंगामा भी करता था। इंस्पेक्टर मिथलेश सिंह ने बताया कि रमेश नशे का आदी बताया गया है। प्रथम दृष्टया फंदा लगाने की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।