मानिकपुर (चित्रकूट)। आदिवासी महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मौका मुआयना किया।
फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो की तलाश जारी है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। महिला पति से नाराज होकर जंगल की तरफ चली गई थी।
मंगलवार दोपहर पीड़िता के पति की पहली पत्नी मायके से दो बच्चों के साथ ससुराल आई थी। ससुराल में दूसरी पत्नी से उसका विवाद हो गया। पति समझाकर पहली पत्नी को ऑटो से वापस मायके भेजने चला गया। इसी बीच दूसरी पत्नी नाराज होकर घर से निकलकर जंगल की ओर चली गई।
आरोप है कि गांव निवासी छैला कोल महिला को पति के बुलाने का बहाना बताकर जंगल में ले गया जहां पहले से मौजूद छोटकू व पुरुषोत्तम के साथ मिलकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। काफी देर तक महिला घर नहीं पहुंची तो पति खोजबीन में जुट गया। इसी बीच देर शाम करीब छह बजे महिला घर लौट रही थी। रास्ते में मिले पति को उसने वारदात के बारे में जानकारी दी।
पीड़िता के साथ पति थाने पहुंचा और घटना के बारे में जानकारी दी। सीओ फहद अली ने बताया कि आरोपी छैला से पूछताछ की जा रही है। दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पूरे मामले के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस, थाना की दो टीम लगी हुई है।
पहले भी हो चुके सामूहिक दुष्कर्म
चित्रकूट। कुछ माह पहले मानिकपुर थाना क्षेत्र के झरी फाटक के पास जंगल में स्थित चेकडैम में दोस्त के साथ नहाने गई एक किशोरी के साथ तीन युवकों ने दुष्कर्म किया था। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
इसी तरह देवांगना घाटी में दोस्त के साथ घूमने गई एक युवती के साथ भी तीन युवकों ने सुनसान घाटी का फायदा उठाकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें पुलिस ने मुठभेड़ कर आरोपी को पकड़ा था। इसके अलावा मारकुंडी क्षेत्र में जंगल में लकड़ी लेने गई महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को जेल भेजा था।
लगातार हो रही इन घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों का कहना है कि मानिकपुर क्षेत्र के जंगल, चेकडैम, घाटी और सुनसान रास्तों में पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए। (संवाद)