जिले में जगह-जगह रखे ट्रांसफार्मर हादसों को दावत दे रहे हैं। कहीं सड़क के किनारे तो कहीं घनी आबादी के पास रखे ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। इनके खुले तार नीचे लटक रहे हैं। गर्मी शुरू होते ही ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ गया है। शहर भर में कई ऐसे स्थान हैं जहां ट्रांसफार्मरों से निकली एक चिंगारी से बड़ा हादसा हो सकता है। विभाग ने मानकों को नजर अंदाज कर ट्रांसफार्मर रख दिए हैं। इनके पास लगी सुरक्षा जाली जर्जर हैं और कई जगह तो ये खुले में लगे हैं। वहीं रोडवेज, प्राइवेट और टेंपो स्टैंडों के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइनों से भी खतरा है।
ओवरलोड होकर धधक रहे ट्रांसफार्मरों को देखने के बाद भी विभाग के अधिकारी चेत नहीं रहे। मेंटीनेंस न किए जाने से ट्रांसफार्मर से तेल का रिसाव होने के बाद जरा सी चिंगारी आग पकड़ लेती है। घनी आबादी के बीच रखे ट्रांसफार्मरों को नहीं हटाया जा रहा। पुरानी बाजार, जिला अस्पताल आदि स्थानों में लगे ट्रांसफार्मरों से हर वक्त खतरे का अंदेशा रहता है।
एक सप्ताह पूर्व बल्दाऊगंज मोहल्ले में ट्रांसफार्मर की चिंगारी से दो दुकानें खाक होने से लाखों की क्षति हुई थी। इसके बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी सुरक्षा के इंतजाम नहीं कर पा रहे हैं। लोगों का कहना है कि अधिकारियों को शायद किसी हादसे का इंतजार है।
क्षमता से अधिक लोड
चित्रकूट। गर्मी बढ़ते ही घरों में एसी, कूलर और पंखे चलने शुरू हो गए हैं। इससे ट्रांसफार्मरों पर लोड काफी बढ़ गया है। अवर अभियंता शैलेंद्र मौर्या ने बताया कि ट्रांसफार्मर अपनी क्षमता के अनुसार कुल 80 फीसदी लोड वहन कर सकता है। गर्मी बढ़ने पर इन दिनों ट्रांसफार्मरों पर शत-प्रतिशत लोड पड़ रहा है।
लाखों खर्च फिर भी सुरक्षा जाली जर्जर
चित्रकूट। राजीव गांधी शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत बिजली उपकरणों से लोगों की सुरक्षा करने के लिए लाखों खर्च कर दिए गए। इसके बावजूद शहर के तमाम ट्रांसफार्मर सड़क किनारे फुटपाथ पर लगे हैं। इनमें लगी सुरक्षा जाली (बैरीकेडिंग) की हालत जर्जर है।
एचटी लाइन के नीचे अवैध स्टैंड
चित्रकूट। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोडवेज और प्राइवेट बस स्टैंड के साथ टेंपो चालकों ने अवैध अड्डा बना लिया है। ट्रैफिक चौराहे से काली देवी मंदिर चौराहा तक बस और टेंपो हर वक्त फुटपाथ किनारे खड़ी रहती हैं। इसके ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरी है। किसी भी बस या टेंपो के ऊपर तार गिरा तो बड़ा हादसा हो सकता है।
बुंदेली सेना देगी ज्ञापन
चित्रकूट। बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि मानकों की अनदेखी कर घनी आबादी के बीच रखे गए ट्रांसफार्मरों में सुरक्षा जाली लगाने और मेंटीनेंस को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे।
शीघ्र हटाए जाएंगे ट्रांसफार्मर
इस संदर्भ में पावर कारपोरेशन के अधिशासी अभियंता, चित्रकूट सुनील चंद्र ने कहा कि सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर को हटाने का काम शीघ्र शुरू होगा। इनके स्थान पर 400 केवी के छोटे ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। लोगों की पहुंच से दूर रखने के लिए पोल पर ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।