पहाड़ी (चित्रकूट)। लोहदा-पहाड़ी मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरा ट्रैक्टर पथरा गांव के पास बेकाबू होकर पलट गया। इसमें सवार 20 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को पहाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। श्रद्धालु बालिका के मुंडन संस्कार से लौट रहे थे।
राजापुर थाना क्षेत्र के हरदौली गांव के कछिया पुरवा निवासी राकेश की छोटी बेटी का मुंडन संस्कार था। परिवार और गांव के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से पहाड़ी थाना क्षेत्र के लोहदा गांव के पास स्थित चौसठ देवी मंंदिर में दर्शन करने आए थे। कार्यक्रम के बाद गांव लौटते समय गुरुवार की शाम लगभग सात बजे ट्रैक्टर पथरा गांव के पास पलट गया। इससे श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। ट्रैक्टर में 35 श्रद्धालु सवार थे। इसमें आठ को मामूली चोट आई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस टीम ने ट्रैक्टर को रास्ते से हटवाकर मार्ग संचालित कराया। घटना में कछिया पुरवा निवासी राजेश (30), किरन (22), निर्मला (35), उमा (35), सुमित्रा (30), करन (30) भोला (30), रैपुरा निवासी अनुज (32), पीयूष (30), सुमन (28), उन्नाय बन्ना निवासी संवरिया (25), रैपुरा निवासी भोड़ी (5) गंभीर रूप से घायल हो गए। निर्मला और सुमित्रा की हालत अधिक खराब होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।