तीर्थ क्षेत्र में पर्यटक आवास गृह और भी आकर्षक होगा। एक करोड़ की लागत
से इसे संवारा जा रहा है। कमरों को भी आधुनिकता दी जा रही है। प्रकाश की
बेहतर व्यवस्थाएं हो रही हैं। पर्यटन निगम के अध्यक्ष सुदीप रंजन सेन ने
तीर्थ क्षेत्र पहुंचकर यहां हो रहे जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया।
जरूरी हिदायत भी दी।
पर्यटक बंगला के इकाई प्रबंधक टीएन यादव ने बताया
कि पर्यटक आवास गृह में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सेवाएं और सुविधाएं
देने के लिए पर्यटन विभाग प्रयासरत है। यहां पर कुल बारह कमरों का
जीर्णोद्धार होना है। जिसमें से छह कमरे तैयार भी हो गए हैं।
तीर्थ क्षेत्र
के दौरे पर आए पर्यटन निगम अध्यक्ष सुदीप रंजन सेन ने आवास गृह का
निरीक्षण करके यहां हो रहे कार्य को देखा। उन्होंने कार्यदायी संस्था को
कुछ कमियों को दुरुस्त करने और समय से काम पूरा करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार इसके लिए एक करोड़ रुपए की घोषणा मुख्यमंत्री पूर्व में
कर चुके है।
उप्र राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के मीडिया प्रभारी नीरज पाहूजा ने
बताया कि पर्यटन संस्कृति विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा कई
प्रयास किए जा रहे हैं।
13 होटल इकाइयों लखनऊ, झांसी, आगरा, रायबरेली,
बरेली, मुरादाबाद, श्रावस्ती, बलरामपुर, इलाहाबाद, बिठूर, सारनाथ, अयोध्या
के लिए 14 करोड़ अंशपूंजी के रूप में तथा दो होटल इकाइयों वाराणसी एवं
नवाबगंज के लिए 1.49 करोड़ राज्य योजना से स्वीकृत किए गए हैं।
बताया कि
चित्रकूट और मिर्जापुर में रोपवे का काम भी कराया जाएगा। चित्रकूट में
रामघाट के जीर्णोद्धार के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्री से धनराशि आवंटित
करने के अनुरोध के बाद वहां से भी दस करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है।