फोटो- 6- देउंधा की गोशाला में गाय को दुलार करते डीएम शेषमणि पांडेय व मौजूदसीडीओ डा. महेंद्र कुमार
- फोटो : CHITRAKUTT
सरैंया (चित्रकूट)। चौपाल में न पहुंचने पर जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने राजापुर के अधिशासी अभियंता विद्युत केके वर्मा को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश देते हुए जवाब तलब किया है। साथ ही अपूर्ण शौचालय पर अफसरों से गंभीर नाराजगी जताई। डीएम ने जिनके आवास और शौचालय अभी भी अधूरे पड़े हैं, उनको तत्काल पूरे कराने के निर्देश दिए।
विकास खंड रामनगर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय देऊंधा में डीएम ने चौपाल लगाते हुए विकास कार्यों का जायजा लिया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आवास और शौचालय पूरे न होने पर दूसरी किस्त का लाभ न देने और और वसूली की चेतावनी दी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि पर कहा कि जो लोग छूट गए हैं, उन्हें लाभ दिलाया जाए। पेंशन योजनाओं की समीक्षा पर सचिव व प्रधान को निर्देश दिए कि जो भी पेंशन योजना के पात्र छूट गए हैं, उनको लाभ दिलाया जाए। जिला दिव्यांग अधिकारी राजेश नायक को निर्देश दिए कि जिन विकलांगों को ट्राई साइकिल देनी हैं, उन्हें मुहैया कराई जाएं। स्वच्छ भारत मिशन में 674 शौचालय के सापेक्ष 87 अपूर्ण पाए गए। जिला पंचायत राज अधिकारी राजबहादुर को निर्देश दिए कि जांच कराकर तत्काल शौचालय पूर्ण कराया जाए। यह कार्य एक सप्ताह के अंदर पूर्ण करा लिए जाएं।
विद्युत विभाग की समस्या पर कहा कि सौभाग्य योजना के मामले अधिक आए हैं। यहां पर एसडीओ कैंप के माध्यम से निस्तारण कराएं। संविदा लाइनमैन रामशंकर पाठक के मामले में कोई मदद न मिलने पर नाराजगी जताई। जिला कृषि अधिकारी वसंत कुमार दुबे ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री मानधन योजना का लाभ लेने और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अधिक से अधिक लाभ उठाने को कहा। डीएम ने मनरेगा के कार्यों, हैंडपंप संचालन, विद्युत, अनाज वितरण, प्रधानमंत्री आवास, पेंशन योजनाएं आदि की समीक्षा की। इसके बाद गांव का भ्रमण कर आवास लाभार्थियों के आवासों को देखा। सचिव व प्रधान को निर्देश दिए कि तत्काल प्रधानमंत्री ग्रामीण आवासाें की छपाई-पुताई करा कर लोगों का पेंट कराते हुए लाभार्थी का नाम लिखाने को कहा।
रामनगर। गोशाला के संचालन पर डीएम ने सभी से मदद की अपील करते हुए मिलजुल कर चारा-भूसा की व्यवस्था कराने को कहा। बोले, शासन से एक गोवंश रखने को 30 रुपये रोजाना दिए जाते हैं। एक व्यक्ति चार गोवंश रखें। कहा कि गोमूत्र और गोबर से भी कई चीजें बनाई जा रही है। गोशाला में गोबर गैस प्लांट लगाया जाए। ग्राम सचिव ने बताया कि 396 गोवंश गोशाला में हैं। इस मौके पर संबंधित अधिकारी, प्रधान व ग्रामीण मौजूद थे।