चित्रकूट। मानिकपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नयापुरवा में शिक्षकों की लापरवाही से तीन बच्चे नवोदय प्रवेश परीक्षा से वंचित रह गए। अभिभावक चंद्रशेखर ने बताया कि शनिवार को नवोदय विद्यालय मानिकपुर में बेटे शिवम सिंह समेत तीन बच्चों की परीक्षा थी। बच्चे एक सप्ताह से शिक्षकों से तारीख पूछ रहे थे, लेकिन जानकारी नहीं दी गई। शनिवार सुबह परीक्षा वाले दिन ही शिक्षक ने पेपर देने के लिए कहा, तब तक मानिकपुर पहुंचना संभव नहीं था। अभिभावकों का आरोप है कि इसके बाद शिक्षक ने बच्चों को पढ़ाने से भी इन्कार कर दिया। फूलचंद्र, रामविलास, गंगा प्रसाद, अभयराज, मानसिंह, सत्यनारायण, शिवचरन सहित अन्य ने कार्रवाई की मांग की। बीईओ नीरज सिंह ने बताया कि दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। (संवाद)