चित्रकूट- राजापुर। एटीएम कार्ड बदलकर रुपए निकालने वाले तीन शातिरों को पुलिस ने दो वाहन व तमंचा समेत गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी के खिलाफ हत्या सहित 32 मुकदमे विभिन्न थानो में दर्ज है। तीनों आरोपी प्रतापगढ़ व अमेठी जिले के निवासी हैं। यह सब जेल भी जा चुके हैं।
शुक्रवार को एसपी कार्यालय स्थित राघव प्रेक्षागृह पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पांच मार्च को कुसेली गांव निवासी रवि कुमार ने थाने में सूचना दिया कि जीजा रुपए निकालने राजापुर के एसबीआई एटीएम आए थे। तभी एटीएम के अंदर कुछ लोग आए और कहा कि पैसा वह निकाल देंगें। पैसा न निकलने व पिन गलत होने की बात कहते हुए इसी बीच एटीएम कार्ड बदल लिया और वहां से चले गए। कुछ देर में मैसेज मोबाइल पर आया कि नौ हजार रुपए निकल गए। इसके बाद फिर नौ हजार और पांच हजार रुपए निकलने का मैसेज आया। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की।
गुरुवार को स्कार्पियो वाहन व बाइक में पुल पर कुछ लोगों को संदिग्ध दशा में पुलिस टीम ने देखा। जिन्हे पुलिस ने पकड़ लिया। इसमें कुम्हारन का पुरवा थाना नवाबगंज प्रतापगढ़ निवासी दिनेश पटेल, भुआलपुर डोमीपुर थाना मोहनगंज प्रतापगढ़ निवासी संतोष यादव उर्फ रोशन व करन गांव थाना इनौहा जिला अमेठी निवासी माशूक अली उर्फ राजू है। इनसे 17 हजार नकद, दो तमंचा, तीन मोबाइल, 12 एटीएम कार्ड वाहन, बाइक बरामद हुए। वार्ता के दौरान अपर एसपी चक्रपाणि त्रिपाठी व सीओ राजापुर जयकरन सिंह आदि मौजूद रहे।
कड़ाई से पूछने पर आरोपियों ने बताया कि वाहन में घूमकर एटीएम के पास जाते है और लोगों को गुमराह कर कार्ड बदल लेते हैं। बंधन गेस्ट हाउस के पास स्थित एटीएम से 23 हजार रुपए निकाले थे। जिसे तीनो ने आपस में बांट लिया था। एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी दिनेश के खिलाफ विभिन्न थानो में हत्या समेत 32 मुकदमे, मासूक अली पर चार व संतोष के विरुद्ध आठ मुकदमे दर्ज है। बताया कि अपने साथ कई लोगों को बदल कर ले जाता था।