चित्रकूट। जिले में तैनात अपर सीएमओ डॉ. ध्रुव कुमार समेत दो अन्य मरीजों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। इसके साथ ही मृतकों की संख्या 12 पहुंच गई है। शनिवार को 11 संक्रमित और मिले हैं, इससे मरीजों की कुल संख्या 1564 हो गई और एक्टिव केस 116 हैं।
मूलरूप से झांसी निवासी अपर सीएमओ डॉ. ध्रुव कुमार (53) दो वर्ष से चित्रकूट में तैनात थे। वह सितंबर माह में कोरोना पॉजिटिव हुए थे। इस पर उन्हें मुख्यालय में ही क्वारंटीन कराया गया था। इसके बाद रिपोर्ट निगेटिव आने पर कुछ दिनों बाद वह काम पर लौट आए थे।
अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में वह फिर बीमार हुए और कोरोना पॉजिटिव होने पर उन्हें बांदा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। हालत बिगडने पर वहां से पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया गया था। प्रभारी सीएमओ डॉ. इम्त्यिाज ने बताया कि डॉ. ध्रुव की शुक्रवार को लखनऊ में मौत हो गई।
इसके अलावा गाजियाबाद निवासी रईसउद्दीन (40) अरवारा राजापुर में रहता था। वह कार्यदायी संस्था सीडीएस में कार्यरत था। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बांदा अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इसी क्रम में सीतापुर कस्बा निवासी राजधर मिश्रा(75) के भी कोरोना पॉजिटिव होने के बाद बांदा ले जाते समय उनकी मौत हो गई। दोनों को कई महीनों से सांस की बीमारी भी थी।
प्रभारी सीएमओ डॉ. इम्त्यिाज ने बताया कि जिले मेें शनिवार को 11 कोरोना संक्रमित मिले हैं और तीन की मौत हुई है। संक्रमितों में विकास भवन व सदर तहसील के कुछ कर्मचारी शामिल हैं। संक्रमितों की संख्या 1564 और मृतकों की 12 हो गई है। कुल 1005 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। 15 मरीजों ने कोरोना से जंग जीतकर घर वापसी की है।