चित्रकूट। दिसंबर माह की अंतिम सप्ताह में पड़ रही ठंड जानलेवा साबित हो रही है। सोमवार को बुखार व सर्दी जुखाम के कई मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। इसके अलावा पेटदर्द व बुखार से पीड़ित दो मासूम समेत तीन की मौत हो गई है।
तरौंहा के फरासन टोला निवासी अहमद पुत्र कल्लूखां कई दिनों से बीमार चल रहा था। सोमवार को अचानक तेज पेटदर्द व बुखार आने से परिजन उसे इलाज को जिला अस्पताल ला रहे थे लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। पुरानी बाजार कर्वी निवासी अब्दुल के पांच साल के पुत्र अल्लारक्खा को निमोनिया बुखार होने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके अलावा कैलहा गांव निवासी चार साल के सुल्तान पुत्र महमूद की सोमवार को अचानक तबियत खराब होने पर परिजन मानिकपुर के निजी अस्पताल लाए। जहां डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल ले जाने को कहा। जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसी क्रम में शहर के खोह गांव निवासी उर्मिला, बनकट निवासी रामलली यादव, कसहाई गांव की पूनम पटेल सहित सीतापुर ग्रामीण के राजेश तिवारी, बड़ी मड़्यन के सुरेश कोल आदि बुखार व पेटदर्द होने पर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हुए।