पत्थर की खदान में घाटा होने से परेशान ठेकेदार ने बच्चों को मिठाई में जहर मिलाकर खिला दिया। खुद भी जहर मिली मिठाई खाकर लेट गया। बच्चों को उल्टी होने लगी तो पत्नी ठेकेदार को जगाने गई। पति को भी उल्टी करते देख परिजनों की मदद से सभी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के बाद सभी की हालत में सुधार है। घटना शनिवार की रात की है।
भरतकूप चौकी क्षेत्र के पहरा रोड निवासी संजय (34) पुत्र बाबू खान मध्य प्रदेश के छतरपुर, भूरागढ़ में पत्थर की खदान में ठेकेदारी करता है। वह दो दिन पहले ही गांव आया। शनिवार रात तीनों बच्चों लकी (6), समीर (4), शाहरुख (2) और पत्नी तारा बेगम के साथ खाना खाया। पत्नी घर के काम में व्यस्त हो गई तो उसने मिठाई में जहर मिलाकर बच्चों को खिला दिया और खुद भी खाकर लेट गया। थोड़ी देर बाद इनको उल्टियां करते देख पत्नी सन्न रह गई।
उल्टी से बदबू आ रही थी। तारा ने तुरंत ने इसकी जानकारी सास मुन्नी और देवर शानू को दी। जहर का संदेह होने पर सभी को जिला अस्पताल लाया गया। तुरंत इलाज मिलने से इनकी जान बच गई।रविवार को संजय ने बताया कि वह कई साल से ठेकेदारी और अन्य काम कर रहा है लेकिन हर बार घाटा लगने से कर्ज का बोझ बढ़ने लगा। इसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठा लिया। चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि चारों की हालत में सुधार है। इस बाबत भरतकूप चौकी प्रभारी मोहम्मद अकरम ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, जांच कराई जा रही है।