मानिकपुर में पकड़ी गई चोरी की बाइकें
- फोटो : CHITRAKUTT
मानिकपुर (चित्रकूट)। थाना पुलिस ने चोरी की आठ बाइकों के साथ अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली कि वाहन चोर चोरी की मोटर साइकिलों की नंबर प्लेट बदल कर राजापुर-सतना मार्ग से सतना जाने वाले हैं।
इस पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मार्ग पर पहुंचे। बुधवार शाम लगभग तीन बजे राजापुर की ओर से आठ बाइक सवार आते दिखे।
पुलिस ने उनसे रुकने के लिए कहा तो वह भागने लगे पुलिस ने घेराबंदी कर तीन लोगों को दबोच लिया और अन्य भाग निकले।
पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में अपने नाम रामचंद्र यादव पुत्र सुदर्शन यादव, पप्पू उर्फ ओमप्रकाश प्रजापति पुत्र मइयादीन व सुधीर सिंह पुत्र लक्ष्मी सिंह निवासी चिल्लीमल थाना राजापुर बताया।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेजा है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि यह गिरोह फतेहपुर, कौशांबी, कानपुर, मध्य प्रदेश के कटनी, रीवा व गुजरात के अहमदाबाद से गाड़ियां चोरी करता था और नंबर बदल कर अन्य शहरों में बेच देते थे। रामचंद्र यादव वाहन चोरी के आरोप में एक वर्ष उड़ीसा की जेल में सजा काट चुका है।