चित्रकूट। मोबाइल चोरी व इसे खरीदने के मामले में राजापुर थाने से आरोपी के भागने के मामले में 48 घंटे बाद भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है। थाने से भागे आरोपी को पकडऩे के लिए पुलिस टीम ने सतना व प्रयागराज के कुछ स्थानों पर छापा डाला है। इसी संबध में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की भी जांच शुरु की गई है।
राजापुर थाना पुलिस टीम ने मोबाइल चोरी के मामले में खजुरिहा निवासी रामसिंह व बूढा सेमरवार निवासी शारदा उर्फ कल्लू उपाध्याय को पकड़ा था। मंगलवार देर रात वह थाने से भाग निकला। उसकी तलाश के लिए गठित दो टीमों ने गुरुवार को सर्विलांस के जरिए सूचना मिलने पर सतना व प्रयागराज जिले के कुछ स्थानों पर छापा डाला था। थाना प्रभारी भास्कर मिश्रा ने बताया कि आरोपी को नहीं ढूंढा जा सका है। आरोपी शारदा के खिलाफ पहले भी थाने में कुछ मुकदमे दर्ज हैं। इसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा।
सीओ राजापुर निष्ठा उपाध्याय ने बताया कि मोबाइल चोरी मामले में थाने में पुलिसकर्मियों की लापरवाही मामले की जांच कराई जा रही है। इसकी रिपेार्ट एसपी कार्यालय में दी जाएगी। शारदा की तलाश की जा रही है।