चित्रकूट। जिले से सटी सतना संसदीय सीट पर शुक्रवार को वोट डाले गए। चित्रकूट विधानसभा के पोलिंग बूथ क्रमांक-73 की ईवीएम कुछ देर के लिए बाधित रही। इसी तरह से पोलिंग बूथ क्रमांक-92 में देर से मतदान शुरु होने से मतदाता परेशान रहे।
प्रत्याशियों सहित राजनीतिक दल के नेता परिवार के साथ वोट डालने के लिए पहुंचे। भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह ने पोलिंग बूथ 226 में वोट डाला। पूर्व विधायक नीलांशु चतुर्वेदी व नगर पंचायत अध्यक्ष साधना पटेल ने नया गांव विद्यालय में स्थित बूथ में मतदान किया।
धारकुंडी आश्रम के साधु-संत टोली बनाकर बूथ पहुंचे और मतदान किया। यूपी-एमपी सीमा में रामघाट के पास सहित परिक्रमा मार्ग व अन्य स्थानों पर बैरिकेडिंग और बैरियर लगाने से तीर्थ यात्रियों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।