सरैंया। मानिकपुर थाना क्षेत्र के सरैया निवासी इंटर के छात्र की खुदकुशी ने उनके परिजनों के साथ ही ग्रामीणों व कई को अंदर से हिला दिया है। सुसाइड नोट में छात्र ने लिखा कि बोर्ड की परीक्षा का दबाव है। इसलिए वह दुनिया से जा रहा है। शुक्रवार को गमगीन माहौल में छात्र का परिजनों ने गांव के बाहर अंतिम संस्कार किया।
सरैया निवासी आदित्य गुप्ता (17) के बाबा विनोद गुप्ता ने बताया कि आदित्य दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता कस्बे में किराने की दुकान चलाते हैं। आदित्य बृहस्पतिवार को प्रतिदिन की तरह स्कूल से पढ़कर आया और घर में खाना खाने के बाद दुकान भी आया। उसके पिता उसे दुकान में बैठाकर घर खाना खाने आए। इसके बाद शाम पांच बजे जब वह दुकान पहुंचे तो आदित्य ने कहा कि वह पढ़ाई करने जा रहा है। घर में आकर मां से कहा कि खाना बना लो वह कमरे में पढ़ने जा रहा है। अंधेरा होने पर भी वह कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों ने उसे आवाज दी। किसी के न बोलने पर अंदर से बंद दरवाजे की सिटकनी तोड़कर परिजन अंदर पहुंचे तो नजारा देख चीख पडे। पुलिस सूचना दी गई।
थाना प्रभारी श्रीप्रकाश व सरैया चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कमरे में ही छात्र का अंग्रेजी में लिखा सुसाइड नोट मिला। इसकी जांच फॉरेंसिंक टीम कर रही है। इसमें लिखा है कि बोर्ड परीक्षा के दबाव में वह है। इसीलिए खुदकुशी कर रहा है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया। मृत छात्र का बड़ा भाई देबू जबलपुर में रिश्तेदार के यहां रहकर पढ़ाई करता है।
इस मामले में पोद्दार इंटर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजीव पाठक ने कहा कि किसी भी छात्र को परीक्षा का तनाव नहीं लेना चाहिए। परिजन व अभिभावक किसी तरह का छात्र पर दबाव भी न डालें। छात्रों को प्रोत्साहित कर आगे बढ़ने के लिए कहें। किसी भी बोर्ड का दबाव नहीं होना चाहिए। जितनी पढ़ाई हो सके उतना ही पढ़ना चाहिए।