मऊ। थाना क्षेत्र के खंडेहा हनुमानगंज पहाड़ के पास बेहोशी अवस्था में एक युवक मिला। परिजन उसे इलाज के लिए प्रयागराज ले गए। वहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने जहर खिलाने की आशंका जताई है।
रैपुरा थाना क्षेत्र के देउरा गांव निवासी विनय शुक्ला उर्फ विधायक (35) के परिजनों ने बताया कि रविवार की सुबह वह घर से बिना बताए निकला था। इसके बाद खंडेहा के पास एक पहाड़ के पास बेहोशी की अवस्था में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे प्रधान प्रतिनिधि मुन्नालाल सिंह ने उसे सीएचसी मऊ में भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी। अस्पताल से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान वहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन उसके शव को लेकर गांव पहुंचे।
परिजनों ने आरोप लगाया कि विनय को किसी ने जहर खिलाया है। उसकी हत्या की आशंका जताई है। इस मामले में रैपुरा थाना प्रभारी शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि जहर खाने की आशंका तो है, लेकिन अन्य जानकारी नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। विनय तीन भाइयों में छोटा था।