चित्रकूट। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार की रात दो स्थानों पर सड़क हादसे हुए। इसमें ट्रक चालक खलासी समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मध्य प्रदेश के भोपाल के ललरिया निवासी ट्रक चालक आजम ने बताया कि सुल्तानपुर से ट्रक लेकर खलासी सलमान के साथ सीमेंट लादने मैहर जा रहा था। शनिवार की रात खोह के पास सामने से आ रहे चार पहिया वाहन को रास्ता देने के लिए ट्रक को सड़क किनारे किया तो रास्ते में पड़े पत्थर पर अगला टायर चढ़ गया। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गया। इसमें चालक और खलासी घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को ट्रक से निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
इसके अलावा रैपुरा थाना क्षेत्र के भौरी के पास बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। बोलेरो लेकर चालक भाग निकला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल अतरौली गांव निवासी रवि कुमार ने बताया कि वह गांव के वीरेंद्र प्रसाद के साथ बाइक से भौंरी में कुछ खरीदारी करने गया था। जैसे ही भौंरी के पास पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार से आई बोलेरो ने टक्कर मार दी। बाइक चालक ने हेलमेट पहना था।