चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के द्वारिकापुरी में दिल्ली से आए युवक के फंदा लगाने के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। इसमें चोट के निशान नहीं मिले हैं। रिपोर्ट में फंदा लगाने से मौत की पुष्टि हुई है। उधर, परिजन ने शव कुर्सी पर रखे होने की बात कहकर हत्या की आशंका जताई थी।
द्वारिकापुरी निवासी अभय रैकवार उर्फ बउवा (25) 24 सितंबर को दिल्ली से घर आया था। घर के अंदर कमरे में पलंग के ऊपर कुर्सी पर उसका शव मिला था। फंदा उसके गले में पड़ा था। 25 सितंबर को पड़ोस के बच्चे ने उसे फंदे पर लटका देखा और परिजन को सूचना दी। शनिवार को उसकी मां मलोदिया देवी, बड़े भाई अवधेश, भाभी आरती व भतीजा अभी कर्वी आए और शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई थी।
कोतवाल अभयराज सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट में स्वयं फंदा लगाने की पुष्टि हुई है। शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं।