फोटो- 27सीकेटीपी 20 पुलिस को भिड़ा वांछित आरोपी। स्रोत: सोशल मीडिया।
चित्रकूट/भौंरी। मारपीट के एक मामले में वांछित सुनील यादव उर्फ दद्दू प्रसाद यादव ने शुक्रवार दोपहर को थाना प्रभारी और एक दरोगा के साथ मारपीट की। पुलिसकर्मियों पर हमला करने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह घटना शुक्रवार दोपहर भौंरी स्थित कृषक इंटर कॉलेज में हुई, जहां परीक्षा ड्यूटी में तैनात एसआई सुभाष राम ने वांछित सुनील यादव को बयान दर्ज कराने के लिए रोका। इस पर वांछित आग बबूला हो गया और गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर उसने एसआई की वर्दी पकड़कर थप्पड़ जड़ दिए। अन्य सिपाहियों ने बीच-बचाव किया, जिससे सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी आशुतोष तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जब उन्होंने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उनसे भी धक्का-मुक्की की गई। पुलिस ने किसी तरह वांछित को बोलेरो में बैठाकर थाने पहुंचाया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
-
आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे : पुलिस के साथ मारपीट करने वाले वांछित सुनील यादव उर्फ दद्दू प्रसाद यादव के खिलाफ रैपुरा थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह एक सपा नेता बताया जा रहा है। कुछ दिन पहले उसने भौंरी निवासी इदरीश और उनकी बेटी बिब्बो बानो की पिटाई की थी। इसी मामले में एसआई ने उसे बयान देने के लिए बुलाया था।