सदर ब्लाक के बैहार गांव के मतदाताओं को कच्ची सड़क से होकर मतदान करने के लिए बूथ तक जाना पडे़गा। गांव के जिस प्राथमिक विद्यालय में बूथ बनाया गया है वहां बिजली का कनेक्शन अभी तक नहीं हुआ है।
जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के शिवरामपुर क्षेत्र के बैहार गांव की आबादी 992 है। इस गांव का प्राथमिक विद्यालय पोलिंग बूथ गांव से सात सौ मीटर की दूरी पर बना है। जहां तक जाने के लिए कच्ची सड़क बनी हुई है। सड़क में कई स्थानों पर गड्ढे भी हैं।
जिससे विद्यालय आने जाने वाले बच्चे आए दिन गिर जाते है। ग्रामीण अनीता देवी और गोविंद ने बताया कि जब बारिश हो जाती है तो प्राथमिक स्कूल तक पहुंचने में बच्चों को काफी परेशानी होती है। मतदान के दिन यदि बारिश हो गई तो बूथ तक जाने में अधूरे मार्ग के कारण परेशानी होगी। बूथ में बिजली भी नहीं है।
वहीं प्रधान रामचंद्र यादव ने बताया कि स्कूल में बिजली की फि टिंग का काम शुरू कर दिया गया है। इसके बाद पोल से कनेक्शन जोड़ा जाएगा। कच्ची पड़ी सड़क में मौरंग डाल दी जाएगी।