जिले में अभी हाल ही में हुई कुछ अप्रिय घटनाओं को देखते हुए प्रशासन मौनी अमावस्या को लेकर काफी सतर्क है। तीन दिवसीय मेले में सुरक्षा को लेकर कोई कोताही नहीं बरती जा रही है। जिले की पुलिस टीमों के साथ आसपास के चार जनपदों से सैकड़ों पुलिसकर्मी बुलाकर मेला क्षेत्र में तैनात कर दिए गया हैं।
सभी पुलिस अधिकारियों को ड्यूटी चार्ट देकर मेले में आए श्रद्धालुओं के साथ मानवीय व्यवहार करने पर जोर दिया गया। हिदायत दी गई है कि किसी भी स्थान पर भीड़ का दबाव न बनने पाए। खासकर रामघाट व कामदगिरी मुख्यद्वार पर तैनात जवान हर मिनट कंट्रोल रूम के संपर्क में रहेंगे।
सादी वर्दी में पुलिसकर्मी जेबकतरों पर नजर रखेंगे।
राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर में शनिवार को मौनी अमावस्या को लेकर जिलाधिकारी नीलम अहलावत व पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने पुलिस व अन्य विभाग के कर्मियों को कर्तव्यता का पाठ पठाया। डीएम ने कहा कि मेले में लाखों श्रद्धालु आएंगे। जिनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन की है।
मेेले के हर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहेगा। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट 12-12 घंटे की ड्यूटी करेंगे। पुलिस ने कहा कि बाहर से आए पुलिस कर्मियों के रहने व भोजन की व्यवस्था कर दी गई है। ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
अपर पुलिस अधीक्षक आरडी चौरसिया ने कहा कि रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड के अलावा टेंपो स्टैंड पर भी पुलिस जवान सतर्क रहें ताकि जाम न लगने पाए और संदिग्धों की तलाशी भी नियमित हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी महेश चंद्र शर्मा, एसडीएम रजनीश मिश्रा समेत सभी सीओ व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद सभी पुलिस कर्मी ड्यूटी स्थल पहुंच गए। उधर जीआरपी थानाध्यक्ष हेमंत कुमार ने बताया कि मेले को लेकर कर्वी स्टेशन पर दो दारोगा-20 सिपाही, शिवरामपुर में 10 सिपाही, भरतकूप में आठ व बहिलप़ुरवा स्टेशन पर 10 अतिरिक्त सिपाही तैनात किए गए हैं। इसके लिए झांसी कार्यालय से अतिरिक्त पुलिस टीमें आई हैं।