चित्रकूट। प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय की अध्यक्षता में शिवरामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कोविड-19 की तीसरी लहर से निपटने के लिए आशा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक हुई। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं को बताया गया कि 0 से एक वर्ष तक के शिशुओं, 1 से 5 वर्ष, 5 से 12 वर्ष, 12 से 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए किट वितरण किया जा रहा है। जिसमें अलग-अलग दवाइयां है। राज्य सरकार ने तीसरी लहर को देखते हुए यह कार्य प्रारंभ कर दिया है।
राज्यमंत्री ने कहा कि जिस सावधानी से आशाएं देखभाल कर सकती हैं वह पुरुष नहीं कर सकते। इसीलिए इस कार्य के लिए आशा कार्यकर्ताओं का चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव में चिकित्सा विभाग व आशाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी डाक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की प्रशंसा भी की।
जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने कहा कि निगरानी समितियां समय रहते कार्य निपटा लें, जिससे तीसरी लहर से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि गांव क्षेत्र में जाकर बच्चों के बारे में पूछें और जानकारी लेकर दवाओं का वितरण करें। कहा कि लक्षण देखकर ही किट दें। चार तरह की पैकेट है। जिसमें लक्षण युक्त को किट देना है। ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई के बारे में बताएं और वैक्सीनेशन के लिए लोगों को प्रेरित करें। लक्षण वाले रोगी को परिवार से अलग कर तत्काल उसकी जांच कराएं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विनोद कुमार यादव, सीएचसी अधीक्षक डा. लखन स्वरूप गर्ग, डा. उमेश निषाद, डा. मृदुल तिवारी, डा. मधु सिंह, डा. लाल बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।