हाइवे पर खड़ी रोडवेज बस और बस में बैठे घायल यात्री
- फोटो : अमर उजाला
मुख्.यालय से इलाहाबाद की ओर जा रही उरई डिपो की बस से हाइवे पर एक मवेशी की टक्कर हो गई। जिससे नाराज ग्रामीणोें ने चालक-परिचालक की धुनाई कर दी। पत्थर चलने से बस के शीशे टूट गए। जानकारी होते ही पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। ग्रामीणों ने चालक पर अनियंत्रित गति से बस चलाते हुए मवेशी को टक्कर मारने का आरोप लगाया। बस चालक की तहरीर पर एक नामजद व 12 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शाम साढ़े तीन बजे उरई डिपो की बस मुख्यालय से इलाहाबाद की ओर जा रही थी। बस में लगभग तीन दर्जन यात्री बैठे थे। जैसे ही बस हाइवे पर थाना क्षेत्र के छिवलहा के पास पहुंची तो सड़क पर एक मवेशी को बचाने के प्रयास में चालक ने ब्रेक लगाया। इसके बावजूद बस मवेशी से टकरा गई। जिसे देखकर सड़क किनारे मौजूद ग्रामीणों ने चालक को घेर लिया।
चालक प्रहलाद कुमार निवासी जालौन ने बताया कि बोद्दा उर्फ नारेंद्र नामक युवक ने गाली देकर कुछ लोगों के साथ मिलकर चाभी निकाल ली। इस बीच कुछ लोगों ने पत्थर मारे जिससे बस के शीशे टूट गए। ग्रामीणों और चालक-परिचालक के बीच तीखी नोंकझोंक के बाद मारपीट की नौबत आ गई। वहां मौजूद कुछ अन्य ग्रामीणों की सूझबूझ से हादसा टला। चालक प्रहलाद व परिचालक आलोक भारतीय ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने उनकी पिटाई की है।
अचानक सड़क पर आई मवेशी को बचाने के लिए आपातकालीन ब्रेक लगाया जिससे बस में सवार सतीश गुप्ता पुत्र प्यारेलाल व उनकी पत्नी मीना गुप्ता निवासी शंकर बाजार कर्वी, आर्यन पुत्र महेश, सत्यप्रकाश दुबे, रामनारायण, आलोककुमार, विनय कुमार व बबलू केा भी चोंट आईं।
थानाध्यक्ष केशव वर्मा ने मौके पर जाकर ग्रामीणों व चालक परिचालक को शांत कराया। इसके बाद चालक की तहरीर पर बोद्दा उर्फ नारेंद्र के अलावा 12 अज्ञात लोगाें के खिलाफ रिपेार्ट दर्ज की गई है। बस समेत सभी यात्रियों को उसी बस से इलाहाबाद की ओर रवाना कर दिया गया।