पुलिस ने चेकिंग के दौरान सोमवार देर रात वाहन चोर गिरोह के पांच सदस्यों को धर दबोचा। इनके कब्जे से दो इंडिका कार, एक बोलेरो, दो तमंचा, चार कारतूस, एक छुरा और कई डुप्लीकेट चाभियां बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी इलाहाबाद, कानपुर व प्रतापगढ़ जिले के निवासी हैं। पुलिस फरार चल रहे सरगना समेत दो की तलाश में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के बनवारीपुर रोड़ पर सोमवार देर रात कोतवाली पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पहाड़ी की ओर से आ रहे वाहनों को पुलिस ने टार्च दिखाकर रोकने का प्रयास किया तो तीन वाहन में सवार युवकों ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने पीछा करके दो इंडिका कार व एक बोलेरो पकड़ ली। मंगलवार को एसपी केके चौधरी ने वार्ता के दौरान बताया कि वाहन चोर गिरोह के पांच सदस्य पकड़े गए हैं।
सरगना समेत दो भागने में सफल रहे। सभी चोरी के वाहन बेचने की फिराक में दूसरे जनपद जा रहे थे। पकड़े गए आरोपियों ने शहर से चोरी हुई दो अन्य बोलेरो की चोरी भी स्वीकार की है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद दोनों वाहन बरामद किए जाएंगे। एसपी ने कोतवाली टीम को पांच हजार का इनाम देने की घोषणा की। मालूम हो रविवार की रात को भी रैपुरा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन वाहन चोर पकड़े थे।
इलाहाबाद जिले के लोहागढ़ थाना क्षेत्र के हुलासगंज निवासी विनोद जायसवाल, प्रतापगढ़ के लालगंज थाना क्षेत्र के हंडौर निवासी शैजुद्दीन, घरौरा थाना क्षेत्र निवासी सचिन, कंधई थाना क्षेत्र के लखनऊयापुरवा निवासी इरशाद, कानपुर के फेथफुलगंज निवासी हर्षित गुप्त है। इसके अलावा फरार आरोपियों में प्रतापगढ़ जिले के जेठवाया थाना क्षेत्र के खटवारा निवासी त्रियुगी नारायण पांडेय एवं उन्नाव के शुक्लागंज निवासी दीपक तिवारी शामिल है।