सरधुआ (चित्रकूट)। अपने ही घर में चोरी करने वाले को पुलिस ने पकड़ा है। उसके पास लगभग पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। आरोपी ने बताया कि वह महंगे शौक पूरे करने के लिए अपने ही घर में चोरी की थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा है।
थाना प्रभारी आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि बरद्वारा निवासी मंगल व रामसुहावन ने गुरुवार को थाने में सूचना दी कि उनके घर की दीवार फांदकर चोर सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। उपनिरीक्षक राजेश राय ने शुक्रवार को बरद्वारा प्राइमरी स्कूल के पास से बरद्वारा निवासी कामता को पकड़ लिया। वह रामसुहावन का पुत्र है। मंगल उसके ताऊ हैं। उसने बताया कि घर से पिता और ताऊ के गहने चोरी किए थे। इसे बेचकर बाइक और मोबाइल खरीदना चाहता था। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेजा है।