चित्रकूट। राजापुर कस्बे के व्यापारी को राह चलते रोककर बाइक सवार तीन युवकों ने तमंचे के बल पर मारापीटा। उसकी जेब से बीस हजार रुपये लेकर धमकी दी कि हर माह इतने ही रुपये न पहुंचाए तो जान से मार दिया जाएगा। बचाव में चिल्लाये व्यापारी की आवाज सुनकर परिजन घर के बाहर आए तो आरोपी भाग निकले। तीन आरोपियों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कस्बा के रामलीला मार्ग निवासी व्यापारी संजय गुप्ता पुत्र नारायण दास ने बताया कि चार दिसंबर की रात वह दुकान बंद कर घर जा रहा था। घर से कुछ ही दूरी पर एक बाइक में तीन युवक आए और उसे पकड़कर तमंचा लगा दिया। जेब में रखे 20 हजार रुपये निकालकर कहा कि बहुत रुपये कमाते हो हर महीना 20 हजार रुपये पहुंचाना नहीं तो जान से हाथ धो बैठोगे। व्यापारी ने बताया कि उसने विरोध कर बचाने की गुहार लगाई तो उसके परिजनों ने सुना। जैसे ही वह बाहर निकले तो आरोपी भाग निकले।
सूचना पर 112 यूपी पुलिस टीम भी पहुंची थी और रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा था। इसके दूसरे दिन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने जाने पर थानाध्यक्ष ने रिपोर्ट दर्ज नहंी की। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को पीड़ित व्यापारी ने पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चिंपू मिश्रा पुत्र बड़कू मिश्रा व दो अज्ञात के खिलाफ रिपेार्ट दर्ज की गई है।