फोटो- 2- यूपी बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों की परीक्षा केंद्र के बाहर तलाशी लेते शिक्षक
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा कड़ी निगरानी के बीच शुरु हुई। हिन्दी प्रश्नपत्र में हाईस्कूल के 798 छात्र परीक्षा से गैरहाजिर रहे। दोनों पालियों में परीक्षा केन्द्रों में कड़ी सतर्कता और निगरानी में परीक्षा हुईं। डीएम ने मऊ के एक परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। डीआईओएस की टीम ने आठ व बीएसए की टीम ने छह केंद्रों का निरीक्षण किया। डीआईओएस कार्यालय कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की जानकारी सीसीटीवी कैमरे से ली गई।
मंगलवार को सवेरे आठ से हाईस्कूल के हिन्दी विषय की परीक्षा कडी चौकसी के साथ शुरू हुई। 36 परीक्षा केन्द्रों में 13 हजार 618 में 12 हजार 820 परीक्षार्थी बैठे। 798 ने परीक्षा छोड़ी है। जिनमें 524 छात्र व 274 छात्राएं हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक बलिराज राम ने बताया कि डीएम शेषमणि पाण्डेय के निर्देशानुसार नकल रोकने के व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्टैटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी व कैमरे की नजर में परीक्षाएं हुई। सचल दल दोनो पालियों में लगातार भ्रमणशील रहे। अवांछनीय ततें से निपटने को केन्द्रों में पुलिस बल तैनात थे। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट परीक्षा केन्द्रों का जायजा लेते रहे। इसी प्रकार दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा सकुशल हुई।
डीएम और बीएसए ने केन्द्र का किया निरिक्षण
मऊ/मानिकपुर। डीएम शेषमणि पांडेय ने मऊ के परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक को निर्देश दिए कि छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो और नकल भी नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा डीआईओएस बलिराज राम ने सीआईसी, पोददार कॉलेज, बेडीपुलिया, कांडीखेरा, भौंरी व मानिकपुर के केंद्र का निरीक्षण किया। बीएसए प्रकाश सिंह ने छह केंद्रों का निरीक्षण किया।
-----------
परेशान हुए छात्र-छात्राएं
चित्रकूट। कई परीक्षा केंद्रों में रोल नंबर के हिसाब से कमरा नंबर ढूंढने में छात्र-छात्राओं को इधर-उधर भटकते देखा गया। कुछ केंद्रों में पहली पाली में रोशनी कम होने की शिकायत रही। इसके बाद में उन कक्षों में लाइट का इंतजाम किया गया।
सामान्य रहा प्रश्नपत्र
चित्रकूट। पहले दिन हाईस्कूल व इंटर के छात्र जब परीक्षा देकर बाहर निकले तो उनके चेहरे में खुशी दिखी। ज्यादातर परीक्षार्थियों ने कहा कि प्रश्नपत्र सामान्य आया था, जिससे खास परेशानी नहीं हुई।