चित्रकूट। रैपुरा थाना क्षेत्र के बरेठी गोशाला के पास अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया था, इसमें एक युवक की मौत हो गई थी। कई घायल हो गए थे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की तो पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद मामला दर्ज हुआ।
मऊ थाना क्षेत्र के बरिया गांव निवासी सुनीता देवी ने बताया कि वह आठ जून 2025 को पति राजेश कुमार (35), बेटी प्रतिमा (7), बेटा रचित कुमार व आर्यन के साथ लोधौरा गांव निमंत्रण में गए थे। वहां से लौटते समय बरेठी गोशाला के पास ट्रैक्टर चालक लोधौरा निवासी विक्रम की लापरवाही से ट्रैक्टर पलट गया और सभी घायल हो गए थे। सभी को सीएचसी ले जाया गया था।
वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पति राजेश कुमार को मृत घोषित कर दिया था और अन्य को रेफर कर दिया था। घटना के बाद रैपुरा पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी लेकिन पुलिस ने केवल आश्वासन दिया, कार्रवाई नहीं की थी। सुनवाई न होने पर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम की शरण ली। थाना प्रभारी आशुतोष तिवारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।