रानीपुर भट्ट के पास फसल काटते किसान।
- फोटो : अमर उजाला
रविवार सुबह जैसे ही लोगों की नींद खुली आसमान पर छाए काले बादल को देखा। इससे शहरवासियों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई, लेकिन किसानों के दिल की धड़कने तेज हो गईं। किसान परिजन के साथ हंसिया और अन्य यंत्र लेकर सीधे खेत पहुंचे और फसल काटने लगे। बारिश की संभावना पर किसान परिवार फसल काटकर उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाते देखे गए।
रविवार को अचानक मौसम ने करवट ली। हालांकि बारिश तो नहीं हुई, लेकिन आसमान पर काले बादलों को मंडराते देख किसानों के माथे पर पसीना आ गया। सुबह से किसान परिवार बची फसल को सहेजने के लिए भूखे प्यासे खेतों में डट गए। उधर, कई दिनों से तेज धूप व गर्मी से परेशान शहरवासियों को धूप न निकलने पर गर्मी से कुछ राहत मिली।
कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डा. नरेंद्र सिंह ने बताया कि बारिश होने की संभावना तो नहीं है, लेकिन दो दिनों तक तेज हवा व बादल छाए रहने की उम्मीद है। बता दें कि सूखे से जिले का किसान पहले से ही परेशान है। पहले कम बारिश की वजह से किसान की बुआई नहीं हो पाई। चारों तरफ के खेत बंजर पड़े रहे। किसी तरह कुछ फसल तैयार हुई तो मऊ, मानिकपुर और राजापुर क्षेत्र में ओलावृष्टि ने नुकसान कर दिया।