चित्रकूट। जिले की पुलिस को सीसीटीएनएस रैंकिंग में पहला स्थान मिला है। लखनऊ मुख्यालय तकनीकी सेवाएं ने पुलिस अधीक्षक सहित टीम को सम्मानित किया है। सीसीटीएनएस के माध्यम से किसी भी अपराध से संबंधित रिपोर्ट, विवेचना की अद्यतन स्थिति, आरोपियों की गिरफ्तारी, केस डायरी से लेकर चालान प्रस्तुत होने तक की सभी आवश्यक कार्रवाई ऑनलाइन दर्ज की जाती है। यह प्रणाली पारदर्शी, तीव्र और प्रभावी पुलिस कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण आधार है। इसकी प्रदेश स्तरीय फरवरी माह की रैंकिंग में चित्रकूट पुलिस ने 100 फीसद अंक प्राप्त किए और प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि यह उपलब्धि पुलिस की कार्यकुशलता, त्वरित निस्तारण और तकनीकी दक्षता का प्रमाण है। इसके लिए अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोड़ा ने पुलिस अधीक्षक के अलावा, अपर पुलिस अधीक्षक सत्यपाल सिंह एवं सीसीटीएनएस जिला कोऑर्डिनेटर शरद यादव की प्रशंसा करते हुए बधाई दी है।