खेत के पास बने डेरे में किसान का शव मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार, थानाक्षेत्र के चितवार रामूका पुरवा निवासी शिवसुंदर आरख (32) पुत्र नन्हू गांव से सौ मीटर दूर बने डेरे पर शुक्रवार की शाम गया था।
काफी रात होने के बाद भी वह खाना खाने गांव नहीं आया, तो उसकी बहन कुसुमा और भतीजा मनोज उसे लिवाने गए। जहां उसे चारपाई के नीचे मृत पड़ा देख चीख पड़े। उनकी चीख सुनकर गांव वाले दौड़कर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उसका शरीर नीला पड़ा था और मुंह से खून निकला था। इसी आधार पर मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। थानाध्यक्ष शैल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी होगी।
साढ़े तीन बीघे भूमि के मालिक रहे मृतक शिवसुंदर दो भाइयोें में छोटा था। शादी के कुछ साल बाद उसकी पत्नी मायके चली गई और वह अपनी बहन के बच्चों की परवरिश करने लगा। बड़ा भाई श्यामसुंदर सूरत में रहता है। उसका पिता नंहू की रामू का पुरवा में डाकू ददुआ द्वारा 19 जुलाई 1986 को किए गए नरसंहार में मौत हो गई थी।