भौंरी (चित्रकूट)। रैपुरा थाना क्षेत्र के ओढ़की माफी गांव में दो दिन से लापता युवक का शव बुधवार देर शाम केवई नदी में उतराता मिला। शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर मिला। परिजनों ने शिनाख्त की है। युवक के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात कही जा रही है।
ओढ़की माफी निवासी राजकुमार ने बताया कि उनका इकलौता बेटा सूरज 15 सितंबर की शाम करीब चार बजे घर से कहीं चला गया था। देर शाम तक नहीं लौटा तो परिवार ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला। बुधवार देर शाम ग्रामीणों ने नदी में शव होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान सूरज के रूप में की। पिता ने बताया कि बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ था। आशंका है कि वह नित्य क्रिया के लिए पानी लेने नदी किनारे गया होगा और पैर फिसलने से डूब गया। परिवार में मां माया देवी और बहन सोनू देवी हैं। थाना प्रभारी राम सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंचकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। संवाद