चित्रकूट। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अखिलेश कटियार ने बुधवार को कई गांवों में चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने कृषि विधेयक को किसान विरोधी बताकर पूंजीपतियों के हाथ की कठपुतली बताया।
कंठीपुर गांव में चौपाल में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को गुलाम बनाना चाहती है। वह हर मामले में विफल रही है। किसान विरोधी बिल से सरकार एमएसपी खत्म करना चाहती है। इससे उद्योगपतियों को अवसर मिलेगा। संविदा व्यवस्था से युवाओं का शोषण बढ़ेगा और भ्रष्टाचार चरम पर होगा। इससे रोजगार के अवसर कम होंगे।
पहाड़ी ब्लाक के ग्राम परसौजा में किसानों से वार्ता के दौरान कहा कि प्रदेश में महिलाएं व बेटियां सुरक्षित नहीं है। कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अनुज यादव, फराज खां, गुलाब खां, मो. रसीद उर्फ चीनी, नरेंद्र यादव, अनिल शर्मा, ओमप्रकाश यादव, शेरा यादव, नवल पटेल, चंदन कोटार्य, चंचलचित्त पटेल, रामबाई वर्मा, सीताराम व शिवपूजन पटेल मौजूद रहे।
सपा के राष्ट्रीय सचिव अखिलेश कटियार ने बुधवार शाम को मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि हाथरस की घटना से भाजपा सरकार का चेहरा बेनकाब हो गया है।
अधिकारियों को दबाव में डालकर केंद्र व प्रदेश सरकार के नुमाइंदे मनमानी पर उतारू हैं। दुष्कर्मियों को बचाया जा रहा है। पीड़िता के शव का रातों रात अंतिम संस्कार कराने से कई राज छिपाए जा रहे हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार मगरमच्छ के आंसू बहाकर जनता को बरगला रही है। इन्हें किसी के बच्चों से मतलब नहीं है।