मानिकपुर। थाना क्षेत्र के माराचंद्रा गांव के गुदाखान पुरवा में खेत में सिंचाई कर रहा एक किसान अचानक गिरकर बेहोश हो गया, परिजन उसे अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने ठंड लगने से मौत की संभावना जताई है।
माराचंद्रा गांव के गदाखान पुरवा निवासी रामविलास यादव (40) पुत्र भूरा यादव शनिवार की रात को घर से खाना खाकर खेत में सिंचाई करने के लिए कहकर निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजन उनकी खोज में खेत पहुंचे, तो वहां रामविलास अचेत अवस्था में पड़े मिले।
परिजन उन्हें मानिकपुर सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने किसान की मौत की पुष्टि कर दी। जिला पंचायत सदस्य अनिल प्रधान ने रविवार को बताया कि परिजनों से बातचीत में पता चला है कि ठंड लगने से किसान की मौत हुई है।
एसडीएम संगमलाल राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम कराने को कहा, लेकिन परिजन नहीं तैयार हुए। एसडीएम ने कहा कि बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट के ठंड से मौत की पुष्टि नहीं होगी। मृतक के एक पुत्र और एक पुत्री है।