मानिकपुर। तहसील क्षेत्र के रानीपुर गांव स्थित बरदहा नदी में जलस्तर अधिक बढ़ जाने से बाढ़ जैसे हालत बन रहे हैं। दस से अधिक गांवों के लोगों का आवागमन बंद हो गया है। कई ग्रामीण नदी किनारे बैठकर पानी उतरने का इंतजार कर रहे हैं। साथ ही बिजली भी गुल होने से इन गांव के निवासियों की हालत खराब हो रही है। कई बीमार इलाज कराने के लिए अस्पताल नहीं आ पा रहे हैं।
बरदहा नदी रानीपुर गांव के बाहर से गुजरती है जो क्षेत्र के 50 गांव के पास से निकलती हुई मध्यप्रदेश की सीमा में जाती है। बारिश होने नदी का जलस्तर अधिक बढ़ गया है। इससे दस से अधिक गांवों में आसपास में संपर्क टूट गया है। रानीपुर गांव के केशव द्विवेदी ने बताया नदी में बाढ़ जैसे हालत बने हैं। उनके गांव में तीन लोग बुखार पीडि़त हैं जो इलाज कराने अस्पताल नहीं जा पा रहे हैं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी गांव नहीं आ पा रही है।
क्षेत्र के ऊंचाडीह, नागर, रामपुर ऐलहाबढैया, कल्याणण, रानीपुर, गिदुरहा, हरिजनपुर,आदि गांवों का आपस में संपर्क कट गया है। मानिकपुर कस्बा में बाजार करने आये कई ग्रामीण अपने गांव जाने के लिए परेशान हैं, जो नदी के तट में पानी कम होने का इंतजार कर रहे है।
बिजली गुल होने से इन गांव के लोगों की मुसीबतें बढ़ी हैं। गिदुरहा गांव के रामू तिवारी ने बताया कि वह मानिकपुर कस्बा में बाजार करने के लिए आया था। जब वापस घर जाने के लिए नदी के पास पहुंचा तो देखा कि नदी में इतना अधिक पानी बढ़ गया था कि उस पार कोई नहीं जा सकता है। इससे वह पानी कम होने का इंतजार कर रहा है। गांव में बिजली न होने से परिजनों के मोबाइल स्वीच ऑफ है
इनसेट
नाव नहीं चलती
चित्रकूट। बरहदा नदी छोटी होने के कारण यहां पर नाव नहीं चलती है। जब नदी का जलस्तर बढ़ जाता है। नदी के इस पास से उस पार कोई नहीं जा पाता है। यह नदी जंगल के बीच बसे गांवों के तट से बहती है।