चित्रकूट। मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शुक्रवार को राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के लिए यूपीपीएससी से चयनित 3317 सहायक अध्यापकों को ऑनलाइन नियुक्ति पत्र वितरित किया। इसमें जिले के दस शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए गए। पांच अन्य चयनित शिक्षक अपरिहार्य कारणों से उपस्थित नहीं हो सके।
शुक्रवार को मुख्यालय के एनआईसी परिसर में वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सफलतम अभ्यर्थी लोक सेवा आयोग को पास करते हुए नियुक्ति पत्र ले रहे हैं। सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह ही समाज की ताकत है।
मेरिट के आधार पर विद्यालय आवंटित किया जा रहा है। इसके बाद जिले के लिए कुल 15 शिक्षकों के चयन में मौजूद दस शिक्षकों को राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय व डीआईओएस बलिराज राम ने नियुक्ति पत्र दिया।
इस अवसर पर एडीएम जीपी सिंह, डीडीओ आरके त्रिपाठी व जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार यादव सहित अभ्यर्थी मौजूद रहे।