मानिकपुर/चित्रकूट। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मानिकपुर के खिचरी गांव में महिला किसान मेले का आयोजन किया। कृषि वैज्ञानिकों ने महिलाओं खेती की नई तकनीक की जानकारी दी।
कृषि वैज्ञानिक ममता त्रिपाठी ने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाएं खेती का कार्य कर रही हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। फसल वैज्ञानिक विजय कुमार गौतम ने कहा महिलाएं खेतों में बुआई, कटाई और भंडारण का कार्य करती हैं, लेकिन जब अनाज बेचना होता है तो उनको पीछे कर दिया जाता है।
महिलाओं को कृषि तकनीक का प्रशिक्षण लेकर खेती में नए-नए प्रयोग करना चाहिए। कीट रोग प्रबंधन पर भी महिलाओं को प्रशिक्षित करने की जरूरत है। महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में गांव खिचरी, झरी, बंधवा डांडी कोलान गांव की महिलाएं शामिल रहीं।
महिला पुलिस कर्मियों को किया प्रशिक्षित
चित्रकूट। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पुलिस कार्यालय के राघव सभागार में कार्यक्रम किया गया। महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन लखनऊ ने वर्चुअल महिला पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण दिया। कहा कि महिलाओं से मिलकर उनकी समस्या का निराकरण करें।
महिला शक्ति अभियान और शक्ति दीदी के तहत ज्यादा से ज्यादा कार्यक्रम करने की जानकारी दी। महिला सेल में कार्यरत महिला आरक्षी माद्री तोमर व सम्मन सेल में नियुक्त पूनम यादव को पुरस्कृत किया। महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन नोडल अधिकारी निष्ठा उपाध्याय आदि मौजूद रहीं।