पहाड़ी (चित्रकूट)। ट्रैक्टर से गिरकर किशोर की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक उनके बेटे को फुसलाकर घर से ले गया और अवैध बालू ढुलान का काम करा रहा था। परिजनों के मुताबिक चालक बिना घटना के विषय में बिना कुछ बताए ही शव घर पर रख गया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर उसकी तलाश की जा रही है।
थाना क्षेत्र के चिल्लामाफी गांव के सुमित कुमार (16) के पिता शिवसागर ने बताया कि सोमवार की शाम गांव का ट्रैक्टर चालक बेटे को अपने साथ ले गया था। सुमित रास्ते में अचानक ट्रैक्टर से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी परिजनों को मिलते ही कोहराम मच गया।
पिता ने थाने में ट्रैक्टर चालक चिल्ला माफी गांव निवासी राकेश कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। सुमित दो भाइयों में छोटा था। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि चालक राकेश अवैध रूप से बालू ढुलान का काम करता हैं। बेटे को रुपयों का लालच देकर अपने साथ ले गया था।