मऊ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी ने अपने ही पिता पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी। यह भी बताया कि किसी से बताने पर उसे और भाइयों को जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार को थाने में किशोरी भाई और परिजनों के साथ पहुंची। पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका पिता आए दिन शराब पीकर आता है। उसे और भाइयों को गाली देकर पीटता है। रविवार की रात को वह आया और भाइयों को गाली देकर कमरे से भगा दिया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर धमकी दी है कि किसी को बताया तो उसे और भाइयों को जान से मार देगा।
इस मामले में थाना प्रभारी राजेश द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच के लिए एक दरोगा को संबधित गांव व आरोपी के घर भेजा गया है। पीड़िता से पूछताछ की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।