फोटो-13सीकेटीपी 31 प्रियांशु देवी फाइल फोटो।
चित्रकूट। चित्रकूट के रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर में शुक्रवार को एक 16 वर्षीय किशोरी ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की जांच में घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
रामनगर निवासी राजेश कुमार ने बताया कि किशोरी प्रियांशु देवी के माता-पिता एक शादी समारोह में शामिल होने धौरहरा गांव गए हुए थे। घर पर प्रियांशु देवी (16) अपने भाई कार्तिक और छोटी बहन दिव्या के साथ थी। सुबह करीब आठ बजे प्रियांशु ने दिव्या को खाना बनाने और कार्तिक को नहाने के लिए कहा।
इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई और काफी देर तक बाहर नहीं निकली। जब दिव्या कमरे में गई, तो उसने प्रियांशु को बल्ली से रस्सी के फंदे पर लटका देखा। शोर मचाने पर अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और उसे फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रियांशु जूनियर हाई स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा थी।
थाना प्रभारी आशुतोष तिवारी ने बताया कि परिजनों को खुदकुशी का कोई कारण नहीं पता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस टीम घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। अभी तक खुदकुशी के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।