चित्रकूट। पंचायत चुनाव को देखते हुए डीएम शेषमणि पांडेय और एसपी अंकित मित्तल ने जिले में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास तीन शस्त्र लाइसेंस हैं उनके एक शस्त्र का लाइसेंस निरस्त कर उसे जमा कराएं।
बुधवार को एसपी कार्यालय के राघव सभागार में हुई बैठक के दौरान डीएम ने एसडीएम, सीओ और थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए कानून व्यवस्था कायम रखें। जिन गांवों में चुनाव के दौरान पहले घटनाएं हुई हैं वहां पर बैठक कर चर्चा करें।
एसपी ने कहा कि गांव वार जो बैठकें की जा रहीं हैं उसमें पुराने विवादों को भी देखें और आपराधिक प्रवृति के लोगों को चिह्नित कर उन पर कार्रवाई करें। कहा कि पहाड़ी, राजापुर, मानिकपुर व मऊ क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें मिल रहीं हैं। थानाध्यक्ष भ्रमण कर कार्रवाई सुनिश्चित करें। थाना स्तर पर ही मामले निपटाएं और पीड़ित की समस्या अच्छी तरह से सुनकर निस्तारित करें।
डीएम ने एसडीएम और सीओ से कहा कि थानों में जाएं तो वहां पर चुनाव रजिस्टर अवश्य चेक करें। बैठक में एडीएम जीपी सिंह, एएसपी शैलेंद्र कुमार राय, एसडीएम राजापुर राहुल कश्यप, मानिकपुर संगम लाल, मऊ नवदीप शुक्ला, सीओ नगर रजनीश कुमार यादव, मऊ सुबोध गौतम, राजापुर रामप्रकाश सहित संबंधित अधिकारी, थानाध्यक्ष, शासकीय अधिवक्ता मौजूद रहे।