उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई ने शुक्रवार से बीएसए कार्यालय के समक्ष क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। उन्होंने बीएसए कार्यालय पर शिक्षकों की मांगों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
अनशन के दौरान जिलाध्यक्ष उदयभान सिंह ने बताया कि शिक्षकों की मुख्य मांगों में अंतर्जनपदीय शिक्षकों को पदोन्नति प्रक्रिया में शामिल करना, निलंबित शिक्षकों की बहाली, मृतकाश्रित अनुकंपा नियुक्ति की पत्रावलियां शीघ्र निस्तारित करना, अवशेष देयकों का भुगतान शामिल हैं।
इसके साथ ही समायोजित शिक्षकों का वेतन भुगतान, बिना स्पष्टीकरण किसी पर कार्रवाई न किए जाने, प्रेरकों के अवशेष मानदेय का भुगतान करना भी इनमें शामिल है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी न होने तक अनशन जारी रहेगा। शिक्षक नेता कमलेश कुमार पांडे ने बताया कि अंतरजनपदीय शिक्षकों को हक दिलाना उनका उद्देश्य है। बीएसए से वार्ता बेनतीजा रही। क्रमिक अनशन आमरण अनशन में भी बदला जाएगा।
शिक्षकों से मिलने बीएसए वीके सिंह भी पहुंचे। रोशनलाल सिंह, संजय अवस्थी, जुगुल किशोर, प्रवीण सेंगर, सुरेश कुमार, अवध बिहारी सिंह, वेद सिंह, रामलोचन, रमेश सिंह, आनंद यादव, नवनीत निगम, मनोज सिंह पटेल, उमाशंकर सिंह, राममिलन कुशवाहा आदि मौजूद रहे।