मानिकपुर (चित्रकूट)। रुकमा बुजुर्ग के नयापुरवा स्थित प्राथमिक स्कूल में बृहस्पतिवार को शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचे। इससे बच्चों को स्कूल के बाहर भटकना पड़ा। ग्रामीणों ने स्कूल में बंद ताले का वीडियो बनाकर अधिकारियों से शिकायत की। बाद में पहुंचे बीईओ ने ताला तोड़कर बच्चों को अंदर कराया।
सुबह सोशल मीडिया पर स्कूल में ताला बंद और बच्चों के भटकने का वीडियो वायरल हुआ। ग्रामीण मुकेश कुमार ने बताया कि कोई शिक्षक स्कूल नहीं आया था। शिकायत के बाद मानिकपुर बीईओ मिथलेश कुमार स्कूल पहुंचे। उन्होंने देखा कि शिक्षक विनय सिंह मेडिकल अवकाश पर थे। दूसरे शिक्षक नरेंद्र सिंह बिना सूचना के अवकाश पर थे और उनका मोबाइल भी बंद था।
बीईओ ने ताला तोड़कर बच्चों को अंदर कराया और भोजन बनवाया। लापरवाह शिक्षक नरेंद्र सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। शुक्रवार तक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, ग्रामीणों ने नयापुरवा स्कूल में शिक्षा की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। शिक्षकों नरेंद्र सिंह और विनय सिंह के बीच मिड-डे मील सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर खींचतान सामने आई है। बृहस्पतिवार को नरेंद्र सिंह ने बहिलपुरवा थाने में दूसरे शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जिस पर पुलिस ने दूसरे शिक्षक को शुक्रवार को थाने बुलाया है।