शिवरामपुर कस्बे के सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में वसंत पंचमी पर हो रहे हवन के दौरान मधुमक्खियों ने शिक्षकों व छात्रों पर हमला कर दिया। जिसमें शिक्षक व नौ छात्र घायल हुए हैं। जिन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मधुमक्खियों के हमले से विद्यालय में हड़कंप भी मच गया।
शिक्षकों के साथ छात्र वसंत पंचमी पर हवन कर रहे थे। इसी बीच हवन कुंड से निकला धुआं स्कूल परिसर में लगे मधुमक्खियों के छत्ते तक पहुंच गया और इसके बाद मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। जिससे स्कूल परिसर में भगदड़ मच गई। जो जिधर जगह पाया वहीं छिप गया।
सर्वाधिक परेशानी नन्हें छात्रों को हुई, जिनके शरीर पर मधुमक्खियां चिपक गईं। किसी तरह उन्हें बचाया गया। इस दौरान प्रधानाध्यापक विजय शंकर भी मधुमक्खियों के हमले में घायल हो गए। इसके अलावा छात्रों में उत्कर्ष, नफीस अहमद, चंचल, दिवांशु, अभिनव, मुस्कान, हिमांशु, गोपाल व कृष्णकुमार को शिवरामपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया। सभी छात्रों की हालत देर शाम को सामान्य बताई गई है।