चित्रकूट। जिले में लगातार बारिश और बाढ़ के कारण मवेशियों में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। पशुपालन विभाग ने लंपी, खुरपका-मुंहपका और गलाघोंटू जैसी बीमारियों की आशंका जताई है। इसे देखते हुए बाढ़ प्रभावित गांवों में घर-घर टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। जिले में 1 लाख, 79 हजार 523 गोवंश हैं। पिछले पंद्रह दिनों में लंपी के लक्षण सामने आए हैं। कर्वी ब्लॉक में तेरह और पहाड़ी ब्लॉक में एक गोवंश लंपी से ग्रसित मिला। डॉक्टरों की टीमें इन गोवंशों के इलाज में जुटी हैं। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि चौदह में से बारह गोवंश ठीक हो चुके हैं, जबकि दो का इलाज चल रहा है। अब तक 65,900 गोवंशों को लंपी का टीका लगाया जा चुका है, जो कुल संख्या का लगभग एक तिहाई है। संवाद