चित्रकूट/भरतकूप। ममेरे भाई के तिलक समारोह से लौटते समय झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के भरतकूप के पास एसयूवी कार पेड़ से टकरा गई। उसमें सवार जीजा-साले की मौत हो गई। अनुमान है कि चालक को झपकी आने से हादसा हुआ है। जीजा सरकारी शिक्षक व साला एक कॉलेज में क्लर्क पद पर कार्यरत थे।
बांदा जिले के अतर्रा निवासी शिक्षक ओम प्रकाश वर्मा (38) अपने मामा राजापुर थाना क्षेत्र के पियरिया गांव निवासी छोटेलाल के बेटे के तिलक समारोह में चंद्रगहना निवासी जीजा राजाराम भारती (40) के साथ निमंत्रण करने गए थे। सोमवार की देर रात ढाई बजे घर लौटते समय सुदिनपुर स्थित रसिन मोड़ के पास कार नीम के पेड़ से टकरा गई। उसमें सवार दोनों की मौत हो गई। काफी देर तक दोनों कार में ही रहे। कुछ देर बाद वहां से गुजरे वाहन के चालकों ने पुलिस सूचना दी।
थाना प्रभारी प्रवीण सिंह मय फोर्स पहुंचे और आसपास के कुछ लोगों को बुलाकर दोनों को बाहर निकाला। उनके मोबाइल आदि से शिनाख्त होने के बाद परिजनों को जानकारी दी गई। पुलिस व स्थानीय लोगों के अनुसार कार तेज गति में रही होगी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
ओम प्रकाश भरतकूप थाना क्षेत्र के दुर्जनपुरवा प्रावि में शिक्षक थे। एक पुत्र यथार्थ व पत्नी निशा वर्मा है। राजाराम भारती जनसेवा इंटर काॅलेज में कर्मचारी थे। एक पुत्र ईशू है। मंंगलवार को पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है।