चित्रकूट। कंपोजिट विद्यालय रैपुरवा माफी में मंगलवार को विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने मानव शरीर, मानव कंकाल, नेत्र मॉडल और घर्षण समेत करीब 50 विज्ञान मॉडल प्रदर्शित किए, जो आकर्षक रहे।
बच्चों ने इन मॉडलों के जरिये कठिन वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल ढंग से समझाया। मानव शरीर की कार्यप्रणाली और घर्षण के प्रयोगों की दर्शकों ने सराहना की। मेले में आसपास के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों और अभिभावकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
विज्ञान से जुड़े प्रयोगों को देखकर बच्चों में उत्साह दिखा। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति अध्यक्ष प्रकाशचंद्र व प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा ने किया। अगस्त्या इंटरनेशनल फाउंडेशन और हुंडई फाउंडेशन की विद्यावाहिनी के सहयोग से हुए इस मेले में भोला सिंह, वीरेंद्र कुमार, राकेश कुमार, रोशन लाल, सौरभ मित्तल, सौरभ मिश्रा, रमेश कुमार और पवन शुक्ला ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।