खोही (चित्रकूट)। नया गांव चित्रकूट थाना क्षेत्र के पालदेव गांव के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जाने वाला मार्ग टूटा और जलमग्न होने पर छात्रों ने आक्रोश जताया। बुधवार को छात्र-छात्राओं ने चित्रकूट-सतना रोड पर जाम लगा दिया। इससे एक घटे से अधिक समय तक वाहनों का आना जाना बंद रहा।
पालदेव के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं रेशमा, नीलू, शीलू, रश्मी, संजय, सुनील व सोहन, रितेश ने बताया कि विद्यालय जाने के लिए कच्ची सडक़ बनी है। इस पर कई जगह गड्ढे हैं। बारिश होने से सड़क पर पानी भरा होने से निकलना मुश्किल हो रहा है। कई बार अधिकारियों को पत्र दिया गया अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि सड़क बना दी जाएगी। इसके बाद भी सड़क नहीं बनाई। मजबूरन जाम लगाना पड़ा। नायब तहसीलदार हिमांशु शुक्ला व नया गांव चित्रकूट के थानाध्यक्ष पंकज शुक्ला ने मौके पर जाकर छात्र छात्राओं को समझाया। जल्द सड़क बनवाने के आश्वासन पर जाम खुल सका।