चित्रकूट/मानिकपुर। जिला पुलिस और एसटीएफ ने मंगलवार की शाम अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले को मानिकपुर से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से तीन रिवाल्वर, तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं। एसटीएफ उसका नेटवर्क खंगाल रही है।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि एसटीएफ की टीम और पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर महाराष्ट्र के थाणे के बेलारोड सूर्यानगर निवासी मोमेश माल्वी को मंगलवार की शाम मानिकपुर के पटेल नगर से गिरफ्तार किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि अवैध असलहों की तस्करी करने वाले गैंग के एक बदमाश की रेलवे स्टेशन पैनल बिल्डिंग के पास मौजूद होने की जानकारी मिली। इस पर एसटीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह बिहार के मुंगेर से 10 हजार में रिवाल्वर, दो से ढाई हजार में तमंचे खरीदकर महाराष्ट्र और मुंबई में रिवाल्वर 40 हजार और तमंचे पांच से 10 हजार में बेचता है। नौ एमएम कारतूस 3000-4000 रुपये एवं 32 बोर कारतूस 1500 -2000 में बेचता है। एसपी चित्रकूट ने बताया कि आरोपी के नेटवर्क की तलाश की जा रही है। चित्रकूट से भी असलहे ले जाने की आशंका है। (संवाद)